नगर पंचायत सिरोंचा कार्यालय परिसर में खड़ी मोटरसाइकिल में लगी आग, मची अफरा-तफरी
सिरोंचा | सुरेश तिपट्टीवार
नगर पंचायत सिरोंचा कार्यालय परिसर में शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कंपाउंड में खड़ी एक मोटरसाइकिल में अचानक आग लग गई। यह घटना दोपहर लगभग 2 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देखते ही देखते आग ने पूरी मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। वाहन में ब्लास्ट होने की आशंका के चलते मौके पर मौजूद कर्मचारी और नागरिकों में दहशत फैल गई तथा कोई भी तुरंत वाहन के पास जाने की हिम्मत नहीं कर पाया। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
इसी दौरान एक युवक ने साहस और सतर्कता का परिचय देते हुए पाइप के माध्यम से पानी की बौछार कर आग बुझाने का प्रयास किया और कुछ ही देर में आग पर नियंत्रण पा लिया। युवक की बहादुरी से संभावित बड़ा नुकसान टल गया।
घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। विशेष बात यह रही कि जहां यह घटना हुई, वहां से करीब 10 फुट की दूरी पर नगर पंचायत की अग्निशामक गाड़ी खड़ी थी।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अचानक हुई इस घटना से नगर पंचायत परिसर में कुछ समय के लिए हड़कंप का माहौल बना रहा।
