लाईन के शॉर्ट सर्किट से लगी आग, आदिमुत्तापुर गांव बड़ा हादसा टला
सिरोंचा तहसील अंतर्गत आदिमुत्तापुर गांव में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गांव की सीमा से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन में शॉर्ट सर्किट होने से भीषण आग लग गई। समय रहते ग्रामीणों, तलाठी, अग्निशमन विभाग और पुलिस की सतर्कता से गांव को बड़ी अनहोनी से बचा लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव की सीमा से होकर गुजरने वाली 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन से नंदीगांव, आदिमुत्तापुर, मेडाराम, तमदाला तथा चिपुरदुब्बा गांवों में बिजली आपूर्ति की जाती है। शनिवार शाम करीब 7 से 7:30 बजे के बीच तेज हवाओं के कारण बिजली की तार ताड़ी के पेड़ से टकरा गई, जिससे अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ।
शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारियों ने ताड़ी के पेड़ को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने आसपास के पेड़ों को भी घेर लिया और आग की लपटें विकराल रूप धारण करने लगीं। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवाओं के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था।
इसी दौरान आदिमुत्तापुर के तलाठी को घटना की जानकारी मिलते ही वे तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और अग्निशमन विभाग से संपर्क किया। अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो आदिमुत्तापुर गांव के सैकड़ों घर आग की चपेट में आ सकते थे।
तलाठी की सूझबूझ और प्रशासन की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग भी मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। इस घटना से गांव में कुछ समय के लिए भय और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
