- नारायणपुर में धान खरीदी केंद्र की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन; प्रशासन ने दो दिनों में समाधान का दिया आश्वासन
सिरोचा तहसील के नारायणपुर क्षेत्र में धान खरीदी केंद्र जल्द शुरू कराने की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन सोमवार को उग्र हो गया। लंबे समय से प्रशासन को लिखित निवेदन देने के बावजूद धान खरीदी केंद्र शुरू नहीं होने से नाराज किसानों ने सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।
किसानों का कहना है कि जून महीना शुरू हो चुका है और कुछ ही दिनों में बारिश का मौसम आने वाला है। ऐसे में धान का सुरक्षित भंडारण करना कठिन हो जाएगा। किसानों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि “किसान देश का भविष्य है, लेकिन आज वही किसान अपनी मेहनत की फसल बेचने के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है।”
आंदोलन की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के प्रभारी अधिकारी नंदे मौके पर पहुंचे और आंदोलन को शांतिपूर्वक संभालने का प्रयास किया। वहीं नायब तहसीलदार मा. सिडाम ने आंदोलनकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद उन्होंने अहेरी के एसडीएम से दूरध्वनी पर चर्चा कर पूरे आंदोलन की जानकारी दी।
जानकारी के अनुसार अहेरी के एसडीएम ने नायब तहसीलदार के माध्यम से किसानों को आश्वासन दिया कि आगामी दो दिनों के भीतर धान खरीदी केंद्र संबंधी समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। प्रशासन की ओर से मिले इस आश्वासन के बाद आंदोलन कुछ समय के लिए शांत हुआ।
हालांकि आंदोलनकर्ताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि दो दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो किसान अपनी धान की फसल को आग के हवाले कर उग्र आंदोलन करेंगे। किसानों ने प्रशासन से जल्द ठोस निर्णय लेने की मांग की है, ताकि उन्हें अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
