ब्रेकिंग न्यूज़
सिरोचा की बदहाल व्यवस्था पर हर्षवर्धन बाबा और मिताली ताई का प्रशासन पर तीखा प्रहार
“मेवा खाते हो तो सेवा भी करो!” — बिजली, BSNL और दूरसंचार विभाग के अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार
सिरोचा | दि. 03 अगस्त 2026
सिरोचा तहसील की वर्षों पुरानी बिजली और दूरसंचार समस्याओं को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में हर्षवर्धन बाबा और मिताली ताई ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर तीखा असंतोष व्यक्त करते हुए खरी-खरी सुनाई। बैठक में उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि “मेवा खाते हो तो जनता की सेवा भी किया करो।”
उन्होंने महावितरण के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि सिरोकोडा, झिगाणूर, कोरला और कोपेला सहित कई गांव आज भी नियमित बिजली आपूर्ति से वंचित हैं। जहां नए सब-स्टेशन की आवश्यकता है, वहां तत्काल प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजें। उन्होंने स्पष्ट आश्वासन दिया कि “विधायक आपके प्रस्तावों को मंजूरी दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे, लेकिन पहले विभाग अपनी जिम्मेदारी निभाए।”
बैठक में BSNL और दूरसंचार विभाग भी निशाने पर रहे। अधिकारियों से सवाल करते हुए उन्होंने कहा, “दुनिया 5G तक पहुंच गई है और सिरोचा में आज भी लोग 3G जैसी धीमी सेवा झेल रहे हैं। यह सेवा है या जनता के साथ अन्याय?” उन्होंने नेटवर्क व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
साथ ही एयरटेल कंपनी के अधिकारियों से चर्चा कर सिरोचा शहर में एक अतिरिक्त मोबाइल टॉवर स्थापित करने की मांग भी रखी गई। उम्मीद जताई गई कि नए टॉवर और आवश्यक विद्युत सुविधाओं से सिरोचा के नागरिकों को नेटवर्क और बिजली की गंभीर समस्याओं से काफी हद तक राहत मिलेगी।
बैठक में साफ संदेश दिया गया कि जनता की समस्याओं पर लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित विभाग समयबद्ध कार्रवाई करें, अन्यथा जवाबदेही तय की जाएगी।
