ब्रेकिंग न्यूज़
रोमपल्ली फाटा के पास फिर पलटा मालवाहक ट्रक, अधूरे राष्ट्रीय महामार्ग ने बढ़ाया हादसों का खतरा
चार साल में भी 58 किमी सड़क अधूरी, कंपनी की लापरवाही पर जनता में आक्रोश
सिरोंचा (प्रतिनिधि): सिरोंचा–आलापल्ली राष्ट्रीय महामार्ग पर रोमपल्ली फाटा से लगभग 28 किलोमीटर दूर एक मालवाहक ट्रक सड़क की बदहाल स्थिति के कारण पलट गया। हादसे के बाद एक बार फिर राष्ट्रीय महामार्ग निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निर्माण कंपनी की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क पर पर्याप्त मुरुम की जगह लाल और पीली मिट्टी डालने से बारिश में सड़क दलदल बन गई है। इसी कारण भारी वाहन असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। मौके पर पलटा ट्रक सड़क निर्माण की लापरवाही की तस्वीर साफ बयां कर रहा है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि पिछले चार वर्षों से 58 किलोमीटर का सड़क निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है, लेकिन न तो निर्माण कंपनी के खिलाफ कोई कड़ी कार्रवाई हो रही है और न ही संबंधित विभाग जवाबदेही तय कर रहा है। इसका खामियाजा रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों वाहन चालकों और आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है।
नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क निर्माण की गुणवत्ता सुधारी नहीं गई और जिम्मेदार कंपनी पर कार्रवाई नहीं हुई, तो भविष्य में और भी बड़े हादसे हो सकते हैं। लोगों ने शासन और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सड़क निर्माण कार्य पूरा कराने तथा दोषी अधिकारियों और कंपनी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
जनता का सवाल:
“जब हर बारिश में हादसे हो रहे हैं, तब आखिर निर्माण कंपनी और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई कब होगी?”
